Sunday, November 29, 2026

पिनैकल-2026 में जैपुरिया पड़ाव शाखा का शानदार प्रदर्शन

0 Comments

सच की दस्तक डिजिटल न्यूज डेस्क चन्दौली 

पड़ाव (चंदौली)। सेठ एमआर जैपुरिया स्कूल्स बनारस की पड़ाव शाखा ने जैपुरिया समूह की वार्षिक खेल प्रतियोगिता ‘पिनैकल-2026’ में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम रनर-अप का खिताब हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ विद्यालय ने प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया।

प्रतियोगिता में जैपुरिया समूह के देशभर के 60 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने विभिन्न आयु वर्गों में आयोजित खेल स्पर्धाओं में प्रतिभाग किया। पड़ाव शाखा के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन, खेल कौशल और टीम भावना का उत्कृष्ट परिचय देते हुए स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक हासिल किए।

स्वर्ण पदक विजेताओं में नित्या राजपूत ने अंडर-14 लॉन्ग जंप, आदित्य कुमार ने अंडर-17 की 200 मीटर दौड़, प्रताप सिंह ने अंडर-19 लॉन्ग जंप तथा निगार ने अंडर-19 शॉटपुट में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं अंडर-17 बालक वर्ग की 4×100 मीटर रिले रेस में विष्णु दयाल, कनिष्क सिंह, अंश और आदित्य कुमार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता।

रजत पदक की श्रेणी में अनन्या वर्मा ने अंडर-14 की 100 मीटर दौड़, नित्या राजपूत और कनिष्क सिंह ने अंडर-14 की 200 मीटर दौड़ तथा प्रताप सिंह ने अंडर-19 की 400 मीटर दौड़ में दूसरा स्थान प्राप्त किया।

इसके अलावा अंडर-19 बालक वर्ग की 4×100 मीटर रिले रेस में देवांश प्रताप सिंह, पवन ओझा, सर्वज्ञ पाठक और उत्कर्ष कुमार यादव की टीम ने रजत पदक जीता। आनंद पाल ने अंडर-19 की 800 मीटर दौड़ तथा अंडर-17 बालिका वर्ग की 4×100 मीटर रिले रेस में आद्या सिंह, कृतिका सिंह, वारूष्का पांडे और पलक यादव की टीम ने भी रजत पदक हासिल किया।

कांस्य पदक के तहत आदित्य कुमार ने अंडर-17 की 700 मीटर दौड़ तथा पवन ओझा ने अंडर-19 की 200 मीटर दौड़ में तीसरा स्थान प्राप्त किया।

विद्यालय की इस शानदार उपलब्धि पर प्रबंध निदेशक मनोज कुमार बजाज ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों, खेल प्रशिक्षकों और शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और संघर्षशीलता का विकास होता है। खिलाड़ियों के परिश्रम और समर्पण की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।

विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top